Barabanki News:  सड़क निर्माण में जंग लगी सरिया के इस्तेमाल का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल !

Barabanki News: सड़क निर्माण में जंग लगी सरिया के इस्तेमाल का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल !

जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार

Barabanki News:  कुर्सी रोड से महमूदाबाद तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सरिया को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की है। आरोप है कि नाली निर्माण में बाहर खुले में पड़ी जंग लगी सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रीवां कस्बा क्षेत्र में भी निर्माण कार्य के दौरान जंग लगी सरिया लगाए जाने की बात सामने आई है। उनका कहना है कि यदि निर्माण में खराब या अत्यधिक जंग लगी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है तो इससे भविष्य में निर्माण की मजबूती प्रभावित हो सकती है।

मामले को लेकर जब प्लांट इंचार्ज से बातचीत की गई तो उन्होंने जंग लगी सरिया के इस्तेमाल को लेकर सफाई दी। उनका कहना था, “सरिया की गुणवत्ता खत्म नहीं होती है। हमारे पास केमिकल है, जो जंग को साफ कर देता है। उसके बाद ही सरिया का उपयोग किया जाता है।”

वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को मौके पर निरीक्षण कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करनी चाहिए और मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने जंग लगी सरिया के इस्तेमाल की शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )