
Dhirendra Shastri Controversy: धीरेंद्र शास्त्री के ‘राम जी के पांच बाप थे’ वाले वीडियो पर भड़के अखिलेश यादव, सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग !
Dhirendra Shastri Controversy: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने कथित विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री ‘राम जी के पांच बाप थे’ कहते सुनाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने नाराजगी जाहिर की है और धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।
अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर जताई नाराजगी
अखिलेश यादव ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि पहले भगवान कृष्ण और अब भगवान राम को लेकर आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।’
अखिलेश की इस पोस्ट के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया जगत में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 3, 2026
भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर भी घिरे थे धीरेंद्र शास्त्री
यह पहली बार नहीं है जब धीरेंद्र शास्त्री की किसी टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हुआ हो। इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर उनकी एक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
उस वीडियो में वह भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए भगवान कृष्ण के खड़े होने के अंदाज, कमर और गर्दन की मुद्रा तथा बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दिए थे। इस पर सांसद पप्पू यादव ने भी नाराजगी जताई थी और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए संसद मार्ग थाने का रुख किया था।
विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने दी थी सफाई
भगवान कृष्ण को लेकर उठे विवाद के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने भाव में ठाकुर जी को उलाहना दिया था। उनका आरोप था कि वीडियो का आधा हिस्सा देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी बताया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका मकसद भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच भेद पैदा करना नहीं था। दोनों एक ही हैं और उनमें कोई अंतर नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा था कि उनकी बात या भाव से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमा प्रार्थी हैं।
इसी बीच अखिलेश यादव ने वाराणसी में बुलडोजर कार्रवाई और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। अखिलेश ने वाराणसी के दालमंडी में हुई बुलडोजर कार्रवाई की तस्वीर दिखाते हुए कहा, ‘क्या आप ये भूल जाओगे? ये तस्वीर देखो, ये भूलने वाली नहीं है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि बनारस में प्राइमरी स्कूल बंद हो रहे हैं और मां गंगा ने जिन्हें बुलाया, वे मां गंगा को ही भूल गए।
अखिलेश ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन को लेकर कहा कि उनके बाबा विश्वनाथ और केदारेश्वर घर पर ही बने हुए हैं और वह बिना पूजा किए हाथ जोड़े घर से नहीं निकलते।
उन्होंने कहा कि वह कथित नकली सनातनियों से भगवान कृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए जा रहे बयानों पर सवाल पूछेंगे। उनके मुताबिक, देश के लोग इस तरह की टिप्पणियों से दुखी हैं।
फिलहाल धीरेंद्र शास्त्री के वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, वीडियो के पूरे संदर्भ और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि होना जरूरी है।
