
Gangotri Highway Accident: गंगनानी के पास नदी में समाई इनोवा, 4 शव बरामद; रेस्क्यू जारी !
Gangotri Highway Accident: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी धर्मकुंड के समीप एक अनियंत्रित इनोवा कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। बताया जा रहा है कि इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। घटना की सूचना डेल्टा के माध्यम से मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हो गईं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। नदी किनारे से चार लोगों के शव मिलने के बाद उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं, वाहन में सवार अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों को लगाया गया है।
नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को सर्च ऑपरेशन में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों और सभी यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
