
Vande Bharat New Food Menu: खाने के मेन्यू में रेलवे ने की कटौती, अब मिलेंगे कम विकल्प !
Vande Bharat New Food Menu: वंदे भारत से सफर करने वाले यात्रियों के खाने-पीने को लेकर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय रेलवे की कैटरिंग सेवा संभालने वाली कंपनी IRCTC ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में खाने का मेन्यू छोटा कर दिया है। अब यात्रियों को खाने में पहले के मुकाबले कम विकल्प मिलेंगे। नाश्ते से लेकर लंच और डिनर तक खाने के विकल्प घटा दिए गए हैं। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव का मकसद खाने की क्वालिटी और साफ-सफाई को बेहतर बनाना है।
फिलहाल यह बदलाव देश की तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया गया है। यात्रियों की प्रतिक्रिया देखने के बाद इसे दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।
1 नवंबर से लागू हुआ नया मेन्यू
IRCTC ने 1 नवंबर 2026 से ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में कॉम्पैक्ट फूड मेन्यू की शुरुआत कर दी है। इसके तहत पहले जहां यात्रियों को खाने में 8 से 10 तरह के विकल्प मिलते थे, वहीं अब विकल्पों की संख्या काफी कम कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादा आइटम होने की वजह से खाने की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई पर एकसमान निगरानी रखना मुश्किल होता था। ऐसे में मेन्यू को छोटा करके हर डिश की गुणवत्ता पर बेहतर तरीके से ध्यान देने की कोशिश की जा रही है।
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सुबह के नाश्ते के विकल्पों को सीमित किया गया है। अब यात्रियों को इडली-वड़ा, पोहा या उपमा जैसे विकल्प दिए जाएंगे। इसके साथ चटनी और सांभर भी मिलेगा। पहले नाश्ते में सूप, एग ऑमलेट, एग ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट जैसी चीजें भी शामिल थीं। नए मेन्यू में इनमें से कई विकल्प हटा दिए गए हैं।
लंच और डिनर में भी घटे विकल्प
दोपहर और रात के खाने में भी मेन्यू को छोटा किया गया है। अब यात्रियों को रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी या नॉनवेज डिश दी जाएगी। नॉनवेज खाने वाले यात्रियों के लिए चिकन का विकल्प रहेगा। पहले खाने के साथ सूखी सब्जी, ग्रेवी वाली सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसी कई चीजें भी मिलती थीं। नए मेन्यू में इन विकल्पों को कम कर दिया गया है।
खाने की मात्रा भी हुई कम, लेकिन IRCTC ने क्या कहा?
इस बदलाव में खाने के कुल वजन में भी कमी आई है। पहले एक मील का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब घटकर लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है। हालांकि, IRCTC अधिकारियों का कहना है कि खाने की प्रत्येक चीज की अलग-अलग मात्रा में कटौती नहीं की गई है। यानी किसी एक डिश का पोर्शन पहले जितना ही रहेगा, लेकिन प्लेट में मिलने वाली चीजों की संख्या कम होने से कुल वजन घट गया है।
खाने की गुणवत्ता सुधारने के लिए उठाया गया कदम
रेलवे को लंबे समय से ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। कई यात्रियों ने ठंडा खाना, बासी भोजन और खाने में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें भी की थीं। इसी समस्या को देखते हुए IRCTC ने फ्लाइट और बड़े होटलों की तर्ज पर कॉम्पैक्ट मेन्यू तैयार किया है। इसके लिए अलग-अलग ट्रेनों में बड़ी क्लाउड किचन कंपनियों की मदद ली जा रही है। IRCTC का दावा है कि नई व्यवस्था के बाद कैटरिंग से जुड़ी शिकायतों में करीब 10 फीसदी की कमी आई है।
फिलहाल इन तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में लागू है व्यवस्था
IRCTC की यह नई व्यवस्था फिलहाल इन तीन रूटों पर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में लागू की गई है:
• मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर
• हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर
• नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर
IRCTC फिलहाल यात्रियों की प्रतिक्रिया का आकलन कर रहा है। यदि पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है तो आने वाले समय में दूसरी लंबी दूरी की प्रीमियम ट्रेनों में भी मेन्यू छोटा किया जा सकता है। हालांकि, सभी वंदे भारत ट्रेनों में इसे लागू करने का अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
