
दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर फिर हुआ दर्दनाक हादसा, दो की मौत
Shamli News: दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर लगातार दूसरे दिन बड़ा हादसा हुआ। इस बार जगह थोड़ा अलग थी, लेकिन इस बार भी दो लोगों को अपनी जान से हाथ गंवाना पड़ा। दो ट्रकों की टक्कर में चालक, सहचालक की मौत हो गई तीन व्यक्ति भी घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
दरअसल, यह हादसा दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर बागपत के डूंडाहेड़ा के पास हुआ। ये अपने ट्रक से गुरुग्राम में ईंट उतारकर वापस बागपत की तरफ आ रहे थे। मिली जनकारी के अनुसार, जब ये डूंडाहेड़ा के पास पहुँचे तो दूसरे ट्रक से इनकी टक्कर हो गई। इस जोरदार टक्कर में एक ट्रक का आगे का हिस्सा टूटकर ही अलग हो गया।
हादसे में आरिफ पुत्र नत्थू उम्र 30 वर्ष निवासी खुब्बीपुर निवाडा बागपत, आसिफ पुत्र नत्थू उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी खुब्बीपुर नवादा, शमशाद पुत्र फिरोज उम्र लगभग 24 वर्ष निवासी इंदिरा कॉलोनी निवाड़ा जनपद बागपत, समीम पुत्र हनीफ उम्र लगभग 26 वर्ष निवासी हटवाड़ा थाना समालखा जनपद पानीपत तथा मुनफीद पुत्र इदरीश निवासी भौरा मुजफ्फरनगर शामिल हैं। सूचना पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपचार के दौरान आरिफ पुत्र नत्थू तथा मुनफीद पुत्र इदरीश की मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल आसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य दो घायल शमशाद एवं समीम को प्राथमिक उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर बागपत के मवीकला के पास एक कार सड़क पर रखे डिवाइडर से टकरा गई थी जिसमे दो इंजीनियर दोस्तों की मौत हो गई थी। यह एक्सप्रेस वे अभी विधिवत रूप से शुरू नहीं हुआ है और इसपर अभी से लगातार हादसों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।
