घरेलू विवाद बना जानलेवा,पत्नी और नाबालिग बेटे पर पति की हत्या का आरोप

घरेलू विवाद बना जानलेवा,पत्नी और नाबालिग बेटे पर पति की हत्या का आरोप

Barabanki News: बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम कुरथरा में बुधवार दोपहर एक पारिवारिक विवाद ने भयावह मोड़ लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप लगाया गया है, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित कुमार वर्मा (पुत्र बजरंग वर्मा) के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे घर में हुए विवाद के दौरान ललित पर लाठी-डंडे से हमला किया गया, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार परिवार में लंबे समय से तनाव था और अक्सर विवाद होते रहते थे। बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ललित की पत्नी और 12 वर्षीय पुत्र अभय (गोलू) ने मिलकर हमला किया।

ललित के परिवार में पत्नी, पुत्र अभय और 4 वर्षीय पुत्री मिस्टी शामिल हैं। दंपति की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के बाद गांव में बड़ी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )