
Meerut News:तेंदुए की दहशत से सहमे ग्रामीण, वन विभाग का रेस्क्यू जारी
Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ के सनौता गांव में बीते कई दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है, लेकिन अब तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है।वन क्षेत्र अधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में विभाग की टीम—जिसमें सेक्शन प्रभारी अंकित यादव, बीट प्रभारी संदीप शर्मा, संरक्षक अतुल दुबे, वन रक्षक खुशी राम, धर्मेंद्र ढाका, वाइल्ड लाइफ दरोगा कमलेश और वन दरोगा जितेंद्र सिंह शामिल हैं—दिन-रात इलाके में निगरानी कर रही है। टीम द्वारा संदिग्ध स्थानों पर कैमरे और पिंजरे भी लगाए गए हैं।
रालोद नेता आतिर रिजवी ने बताया कि मंगलवार शाम एक ग्रामीण ने तेंदुए के दिखाई देने की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचकर उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाकर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी तेंदुए की लोकेशन गांव के कब्रिस्तान और आसपास के खेतों में मिल चुकी है।
मंगलवार को वन विभाग की टीम ने कब्रिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। हालांकि, विभाग ने कैमरों और पिंजरों की निगरानी बढ़ा दी है।वन विभाग का कहना है कि सर्च अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त वन पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
