
Siddharthnagar News: दुर्घटना पीड़ित परिवारों को मिली राहत, पूर्व विधायक ने बांटे 5-5 लाख के चेक
Siddharthnagar News: विधानसभा क्षेत्र डुमरियागंज के अंतर्गत विभिन्न दुर्घटनाओं में असामयिक निधन हुए लोगों के आश्रित परिजनों को बुधवार को तहसील परिसर डुमरियागंज में आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत स्वीकृत ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोना अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति होती है। ऐसे कठिन समय में सरकार और समाज का दायित्व है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान जिन परिवारों को सहायता राशि प्रदान की गई, उनमें लीलावती पत्नी राज किशोर ग्राम पिपरा गोसाईं, मिन्ना पत्नी राम नरेश ग्राम धोबहा एहमतली, समु देवी पत्नी स्वर्गीय गोपाल ग्राम पिपरा सुल्तान, सारजहां पत्नी शहजाद हुसैन ग्राम बिलवट तथा मृतक जनकनन्दनी के पति आज्ञाराम ग्राम मैनहा शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा, तहसीलदार रवि कुमार यादव, लवकुश ओझा, अन्नू गुप्ता सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
