Varanasi News: सारनाथ में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला शव

Varanasi News: सारनाथ में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला शव

Varanasi News: जिले के सारनाथ क्षेत्र में एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) द्वितीय वर्ष की छात्रा का शव एक निजी मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस को कुछ दवाएं मिली हैं।

हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला शव

जानकारी के अनुसार छात्रा सारनाथ स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और अपने परिवार के साथ सारनाथ थाना परिसर के आवासीय क्षेत्र में रहती थी। बुधवार को वह घर से खाना बनाकर टिफिन के साथ बॉयज हॉस्टल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह करीब दो घंटे तक हॉस्टल परिसर में मौजूद रही। इसी दौरान हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली की मरम्मत के लिए पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन ने सीढ़ियों पर छात्रा को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। उसने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को सूचना दी, जिसके बाद गार्ड और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि छात्रा ने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खाया था। वहीं उसके निजी अंगों से खून बहने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्रा घटना से पहले हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में गई थी। हॉस्टल के गार्ड ने भी बताया कि वह पिछले दो दिनों से हॉस्टल के आसपास आती-जाती दिखाई दे रही थी। वर्तमान में गर्मी की छुट्टियों के कारण हॉस्टल लगभग खाली पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या तथा हत्या दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से छात्रा का मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।

अधिकारियों ने क्या कहा?

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। इसलिए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है ताकि जांच में पूरी पारदर्शिता बनी रहे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और छात्रा की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )