टेनिस स्टार Leander Paes ने थामा BJP का हाथ, सियासत गरम

टेनिस स्टार Leander Paes ने थामा BJP का हाथ, सियासत गरम

Leander Paes joins BJP: दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने आज औपचारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ले ली है। ममता बनर्जी की पार्टी को बड़ा झटका देते हुए पेस ने प्रधानमंत्री मोदी के विजन पर भरोसा जताया है। ‘बंगाली खून’ और ‘खेलों के विकास’ का नारा देकर पेस ने बंगाल चुनाव की बिसात ही पलट दी है।

Leander Paes joins BJP: भारतीय खेल जगत और राजनीति के गलियारों से आज की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। टेनिस की दुनिया में तिरंगा लहराने वाले दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने मंगलवार, 31 मार्च को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की दहलीज पर खड़े राज्य के लिए यह एक बेहद चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। कोलकाता में बीजेपी के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में पेस ने ‘भगवा’ पटका पहना, जिसके बाद बंगाल की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

ममता का साथ छोड़ा, BJP के मिशन में हुए शामिल

लिएंडर पेस का बीजेपी में शामिल होना कई मायनों में खास है। पेस के लिए राजनीति का मैदान नया नहीं है; साल 2021 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के साथ अपनी सियासी पारी की शुरुआत की थी। 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों में उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी के लिए जमकर प्रचार भी किया था। हालांकि, उस समय उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा था। अब ऐन बंगाल चुनाव से पहले पाला बदलकर बीजेपी में शामिल होना यह साफ संदेश देता है कि पेस अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। उनका यह फैसला बंगाल के मतदाताओं के लिए भी एक बड़ा संकेत है।

सियासत में एंट्री पर Leander Paes का इमोशनल स्पीच

पार्टी की सदस्यता लेने के बाद लिएंडर पेस ने अपने संबोधन में बंगाल के प्रति अपने प्रेम को जाहिर किया। उन्होंने कहा, “मेरी मां बंगाली हैं और उनका जन्म इसी मिट्टी में हुआ। मुझे याद है कि उनके समय में खेलों के लिए बुनियादी ढांचा नहीं था। आज भी बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को और बेहतर बनाने की जरूरत है।” उन्होंने कार्लोस अलकराज और आर्यना सबालेंका जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे टेनिस में अब महिला और पुरुष खिलाड़ियों को बराबर पुरस्कार राशि मिलती है, वैसे ही हमें अपने बच्चों को सशक्त और प्रेरित करने के लिए समान अवसर देने होंगे।

किरण रिजिजू ने किया ऐतिहासिक उपलब्धि का जिक्र

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने पेस का स्वागत करते हुए इसे देश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा, “लिएंडर पेस एक लेजेंडरी खिलाड़ी हैं। एक दौर था जब ओलंपिक मेडल लिस्ट में भारत का नाम ढूंढना मुश्किल होता था, लेकिन पेस ने पहली बार पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। अब वह बीजेपी के मंच से देश और समाज की सेवा करेंगे।” रिजिजू के इस बयान से साफ है कि बीजेपी पेस की लोकप्रियता का इस्तेमाल युवाओं और खेल प्रेमियों को पार्टी से जोड़ने के लिए करने वाली है।

बंगाल की सियासत पर क्या होगा असर?

बंगाल एक ऐसा राज्य है जहां सिनेमा और खेल जगत की मशहूर हस्तियों का चुनाव पर गहरा असर पड़ता है। लिएंडर पेस जैसे वैश्विक आइकन का बीजेपी में आना निश्चित रूप से पार्टी के लिए ‘बूस्टर डोज’ साबित हो सकता है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि पेस खुद चुनाव लड़ेंगे या सिर्फ स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएंगे, लेकिन उनके आने से विरोधी खेमों में चिंता जरूर बढ़ गई है। लिएंडर पेस ने साफ कर दिया है कि उनका लक्ष्य अब भारतीय टेनिस के भविष्य को संवारना, युवा प्रतिभाओं को निखारना और खेल से दूर हो चुके दिग्गजों को वापस सिस्टम से जोड़ना है। अब देखना होगा कि टेनिस कोर्ट का यह चैंपियन राजनीति के मैदान में कितने ‘एस’ (Ace) लगा पाता है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )