
Jalaun News: जालौन नगर पालिका में गड़बड़ी का मामला गरमाया, जांच की मांग तेज
Jalaun News: उरई नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एक दर्जन से अधिक सभासदों ने डीएम को संबोधित शिकायती पत्र देकर नगर पालिका के कार्यों में अनियमितताओं और गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे गए पत्र में सभासदों ने कहा कि शहर में चल रहे नाला निर्माण, शौचालय निर्माण, बाउंड्रीवाल और सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्यों में गुणवत्ता का गंभीर अभाव है और निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व में इन मामलों को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बावजूद वही कार्य दोबारा बिना सुधार के कराए जा रहे हैं। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि निविदा प्रक्रिया में पक्षपात कर कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सभासदों ने मांग की है कि सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच के लिए टेक्निकल ऑडिट कमेटी (TAC) का गठन किया जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और सरकारी धन के दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके। इस दौरान जितेंद्र कुमार, अवधेश तिवारी, अभिलाषा देवी, वीरेंद्र कुमार, अजय निरंजन, शैलेंद्र कुमार, मंजीत कौर, दीपक पटेल, सुशील राजपूत, विपिन गुप्ता, माता प्रसाद, विमला देवी, पुष्पा देवी, आरती सहित कई सभासद और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
