Mumbai BMW Accident: कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW का कहर, 3 युवकों की मौत से मचा हड़कंप

Mumbai BMW Accident: कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW का कहर, 3 युवकों की मौत से मचा हड़कंप

Mumbai BMW Accident: सपनों के शहर मुंबई के लिए रविवार का दिन बेहद दर्दनाक और भयानक हादसों का संदेश लेकर आया। एक तरफ जहां कोस्टल रोड पर एक अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार BMW कार की भीषण टक्कर में तीन नवयुवकों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी तरफ गणेशोत्सव के उल्लास के बीच कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास फैले बिजली के करंट ने दो लोगों की जिंदगियां लील लीं। इन दो अलग-अलग दिल नहला देने वाली घटनाओं से पूरे मुंबई शहर में मातम पसर गया है और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

कोस्टल रोड पर लाला कॉलेज के पास बेकाबू हुई BMW

पहला दर्दनाक हादसा 20 सितंबर 2026 को तड़के करीब 5:20 बजे कोस्टल रोड पर लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास घटा। बताया जा रहा है कि एक काले रंग की BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ काफी तेज गति में जा रही थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर ने अचानक कार से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू हुई तेज रफ्तार कार सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचलते हुए ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और कोस्टल रोड पर चीख-पुकार मच गई।

3 नवयुवकों की दर्दनाक मौत

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 21 वर्षीय शनाय गज्जल, 17 वर्षीय धैर्य सेठ और लगभग 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस खौफनाक हादसे में 20 वर्ष के एक अन्य युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में कार की जरूरत से ज्यादा तेज रफ्तार को ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

कालाचौकी में गणपति पंडाल के पास फैला करंट

दूसरी दिल दहला देने वाली घटना रविवार तड़के करीब 2:42 बजे कालाचौकी के डाटाराम लाड मार्ग पर स्थित महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास हुई। गणेशोत्सव की भीड़ के बीच मंडल के पास बनाए गए एक अस्थायी पानी के स्टॉल में अचानक भयानक बिजली का करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से कुल छह लोग बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) और बेस्ट (BEST) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुख्य बिजली आपूर्ति को डिस्कनेक्ट कर पूरे इलाके की घेराबंदी की।

8 साल की मासूम रागिनी की मौत से पसरा मातम

करंट लगने की इस दुखद घटना में 8 वर्षीय मासूम बच्ची रागिनी घनश्याम यादव और एक वयस्क की दर्दनाक मौत हो गई। रागिनी को जब मसिना अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में प्रभावित चार अन्य घायलों को इलाज के लिए मसिना और ग्लोबल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कालाचौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मीटर इंस्पेक्टर और इलेक्ट्रीशियन को जांच के लिए मौके पर बुलाया है। इस पूरे मामले ने गणेशोत्सव के दौरान पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )