
वॉशिंगटन डीसी में ट्रंप पर जानलेवा हमला, सीक्रेट सर्विस ने बचाई जान
Cole Thomas Allen attacks Donald Trump:अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में शनिवार की रात एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया। ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान जब डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया मंच पर थे, तभी एक हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर उनकी हत्या की कोशिश की। सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी से ट्रंप बाल-बाल बच गए। अब इस हमले के पीछे के मुख्य चेहरे का खुलासा हो चुका है। खुद डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर और सोशल मीडिया पर उस हमलावर की तस्वीर जारी कर उसके बारे में अहम जानकारी साझा की है।
मेयर बोउजर का दावा—हमलावर ने अकेले रची पूरी साजिश
ट्रंप पर हमला करने वाले इस शख्स की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि एलन हिल्टन होटल में ही एक गेस्ट के रूप में रुका हुआ था, जिससे वह सुरक्षा चक्र को चकमा देने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसे सुरक्षा चेकपॉइंट के पास से ही दबोच लिया है। वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि एलन ने इस पूरी साजिश को अकेले ही अंजाम दिया था। इसे ‘लोन वुल्फ’ (Lone Wolf) हमला माना जा रहा है, यानी इस घटना में फिलहाल किसी दूसरे व्यक्ति या समूह की संलिप्तता के संकेत नहीं मिले हैं।
घातक हथियारों से लैस था हमलावर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि हमलावर कोल टोमस एलन पूरी तैयारी के साथ आया था। वह कई घातक हथियारों, जिनमें एक शॉटगन और एक हैंडगन शामिल थी, से लैस होकर सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस के जवानों की बहादुरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि एलन ने सुरक्षा घेरे में घुसने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की थी, लेकिन जवानों ने अपनी जान पर खेलकर उसे धर दबोचा। ट्रंप ने कहा, “वह अकेला ही आया था और उसका मकसद मेरी हत्या करना था, लेकिन हमारे बहादुर जवानों ने उसे रोक लिया।”
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई ऑफिसर की जान
इस मुठभेड़ के दौरान एक जांबाज सीक्रेट सर्विस ऑफिसर को बहुत करीब से गोली लगी। डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उस ऑफिसर की जान केवल उसकी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच पाई। ट्रंप ने भावुक होते हुए कहा, “जैकेट ने अपना काम किया और हमारे ऑफिसर की जान बच गई। वह अब खतरे से बाहर है और उसका मनोबल बहुत ऊंचा है। हमने उसे बताया कि पूरा देश उससे प्यार करता है और उसका सम्मान करता है।” यह हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला, लेकिन जवानों की जवाबी कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
कोल टोमस एलन गिरफ्तार, FBI कर रही हमले के पीछे की मंशा की जांच
कोल टोमस एलन फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है। एफबीआई और स्थानीय एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि आखिर एक साधारण ट्यूटर (Tutor) के रूप में काम करने वाला व्यक्ति इतना बड़ा कदम उठाने के लिए कैसे प्रेरित हुआ। क्या इसके पीछे कोई राजनीतिक विचारधारा थी या व्यक्तिगत रंजिश? फिलहाल होटल के उस कमरे को सील कर दिया गया है जहां एलन रुका था, और वहां से सबूत जुटाए जा रहे हैं। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि वे इन कायराना हरकतों से डरने वाले नहीं हैं और वे जल्द ही दोबारा इस कार्यक्रम को आयोजित करेंगे।
