
Sensation in Mumbai : बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत
Sensation in Mumbai: मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन मौतों के पीछे किडनी फेल होना मुख्य कारण माना जा रहा है, जिसकी वजह कथित तौर पर फूड प्वाइजनिंग बताई जा रही है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी 35 वर्षीय नसरीन डोकाडिया, 16 वर्षीय आयशा डोकाडिया और 13 वर्षीय जैनब डोकाडिया के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार ने रात में खाने में बिरयानी खाई थी। इसके कुछ समय बाद उन्होंने तरबूज भी खाया। देर रात अचानक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसमें उल्टी, बेचैनी और कमजोरी जैसे लक्षण सामने आए। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की जान नहीं बचाई जा सकी। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि खाने के बाद हुए फूड प्वाइजनिंग के कारण उनकी किडनी पर गंभीर असर पड़ा।
किडनी के तेजी से फेल होने की स्थिति ने शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित किया, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, अभी विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य जांच जारी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर फूड प्वाइजनिंग की असल वजह क्या थी बिरयानी या तरबूज में से कौन सा खाद्य पदार्थ दूषित था। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गए हैं। आसपास के इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
