
Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले में हैवानियत, नाबालिग लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म !
Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले से नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिहार पुलिस में कार्यरत एक पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर पहले दुष्कर्म किया, फिर उसका वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातर ब्लैकमेल करता रहा। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशीला पदार्थ खिलाकर की हैवानियत
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां पीड़िता की मां ने गांव के ही रौशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में नाबालिग की मां का आरोप है कि घटना के दिन वह अपनी सास के साथ औरंगाबाद बाजार गई थीं। घर में उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी। इसी दौरान गांव का रौशन प्रजापति वहां पहुंचा और उसने कथित तौर पर मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया।
आरोप है कि नशीला पदार्थ खाने के बाद नाबालिग बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ उसके साथ दुष्कर्म किया और कथित तौर पर घटना का वीडियो और तस्वीर बना ली। जिसके के बाद 10 दिनों तक आरोपी नाबालिग को कथित फोटो और वीडियो दिखाकर उस पर अपने घर आने का दबाव बनाता रहा। इसके अलावा पैसों का लालच देने और उसके वीडियो व तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया मामला
घटना की जानकारी तब सामने आई है जब कथित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगे। इसके बाद सोमवार को परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उससे पूछताछ की। परिजनों का आरोप है कि वहां उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद नाबालिग की मां ने मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने आरोपी रौशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी। थानाध्यक्ष के अनुसार, शुरुआती जांच में आपसी संबंध की बात सामने आई है, लेकिन पीड़िता नाबालिग है, इसलिए कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कथित फोटो-वीडियो समेत डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद मामले में आगे के तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
