
Azamgarh News: स्कूल पहुंचने से पहले ही थम गई जिंदगी, बस की टक्कर से छात्र की मौत
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल जाते समय एक तेज रफ्तार स्कूली बस की चपेट में आने से कक्षा 9 के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
100 मीटर तक घसीटती रही साइकिल, भयावह हादसे से सहमे लोग
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र आनंद राजभर (पुत्र फिरतू राजभर) निवासी पकड़डीहा, थाना अतरौलिया का रहने वाला था। वह रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे साइकिल से स्कूल जा रहा था। आनंद जैसे ही पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज तिराहे के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूली बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद छात्र का शव बस में करीब 50 मीटर तक फंसकर घसीटता रहा, जबकि उसकी साइकिल भी लगभग 100 मीटर तक बस में फंसी रही। यह दृश्य बेहद भयावह और दर्दनाक था। घटना के बाद चालक ने बस को स्कूल परिसर में खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया।
छात्र की मौत से पसरा मातम, लापरवाही के खिलाफ सख्त कदम की मांग
सूचना मिलते ही अतरौलिया थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि यह बस ब्लू बेल्स स्कूल अतरौलिया की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल बसें अक्सर तेज रफ्तार से चलती हैं, जिससे पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी थीं। लोगों का कहना है कि अगर पहले कार्रवाई की गई होती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन और बस चालक की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
