
Lucknow News: लखनऊ में भाजयुमो नेता को गोली मारने से सनसनी, इलाके में दहशत
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बेखौफ बदमाशों ने भाजयुमो नेता महाराज चेतन तिवारी उर्फ श्याम चेतन को गोली मार दी। हैरानी की बात यह रही कि यह घटना टिकैतराय तालाब पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बदमाशों ने चेतन तिवारी पर की तीन राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने चेतन तिवारी पर तीन राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली उनकी कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घायल चेतन को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना पुरानी रंजिश और पोस्टर लगाने को लेकर हुए विवाद से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़े चेतन
बताया जा रहा है कि मेहंदीगंज इलाके में रहने वाले सुरेश चंद्र तिवारी का बेटा श्याम चेतन अपने घर के सामने निर्माण कार्य करा रहा था। शनिवार रात वह मजदूरों से ईंट रखवा रहा था, तभी मोहल्ले में रहने वाला वैभव बाजपेई अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने असलहा निकालकर चेतन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही चेतन जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग और स्थानीय निवासी बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही डॉयल-112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह और इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इधर, घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता देर रात केजीएमयू (KGMU) पहुंच गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित समेत कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
