
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्देश,आंधी-बारिश में आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में आई आंधी-बारिश और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम के दौरान आमजन को होने वाली परेशानियों को कम करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय रखा जाए और हर संभव प्रयास किया जाए कि खराब मौसम का असर न्यूनतम हो।
उन्होंने स्पस्ट कहा है की जनहानि ,पशु हानि,घायलों और आपदा से प्रभावित लोगो को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध करवाया जाये। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों की परेशानी पर सरकार गंभीर, हर संभव मदद का भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों और प्रदेश वासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए बताया कि खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं। ऐसे स्थानों पर राहत और बचाव कार्य तेज किए जाएं तथा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
आंधी-बारिश के चलते किसानों और आम लोगों को हो रही दिक्कतों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर संभव प्रयास किया जाए ताकि नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फील्ड स्तर के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करें और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करें। किसी भी आपात स्थिति या आवश्यकता की जानकारी समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके।
