
Vijay Shapath Grahan: विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री, चेन्नई में ली शपथ
Vijay Shapath Grahan: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के बाद थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने राज्य में सरकार बना ली है। विजय ने आज सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ टीवीके के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेकर नई कैबिनेट का हिस्सा बने।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राज्यभर में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। वहीं, राजनीतिक परंपरा और प्रोटोकॉल के तहत निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी समारोह का न्योता भेजा गया था।
विजय के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में किया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। पहले यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर होने वाला था, लेकिन बाद में समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनके ज्योतिषी की सलाह के बाद यह फैसला लिया गया
इससे पहले 9 मई को विजय ने राजभवन पहुंचकर तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की थी। उन्होंने टीवीके विधायक दल के नेता के रूप में अपने चयन की जानकारी राज्यपाल को दी और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए नई सरकार बनाने का न्योता दिया। साथ ही 13 मई 2026 तक विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा गया है।
