Uttarakhand News: योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, शंटिंग के दौरान पटरी से उतरी उज्जैनी एक्सप्रेस

Uttarakhand News: योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, शंटिंग के दौरान पटरी से उतरी उज्जैनी एक्सप्रेस

Uttarakhand News:योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। उज्जैनी एक्सप्रेस शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गई।
इस हादसे में ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं। जिस जगह घटना हुई, वहां पास में एक मकान भी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया।

घटना कैसे हुई, इस बारे में रेलवे की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे का कारण लोको पायलट की ओर बरती लापरवाही है। वहीं, गनीमत रही कि ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था।

योगनगरी स्टेशन के आरपीएफ निरीक्षक सरोज कुमार के अनुसार, घटना रात 9.42 बजे की है। उज्जैनी एक्सप्रेस शाम करीब छह बजे योगनगरी स्टेशन पर पहुंची।

यह ट्रेन सुबह सवा छह बजे यहां से उज्जैन के लिए रवाना होती है। इसलिए ट्रेन को प्लेटफार्म से रात करीब साढ़े नौ बजे खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था।
शंटिंग लाइन के अंत में ठोकर से ट्रेन का इंजन टकरा गया। जिससे पूरी ट्रेन झटके के साथ रुक गई। इस दौरान बीच की एक बोगी पर अधिक दबाव होने से वह ट्रैक से बाहर की ओर निकल गई।

दबाव इतना अधिक था कि बोगी बीच से पूरी तरह मुड़ गई। हादसे की सूचना मिलने पर रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में सभी विभागों के अधिकारी भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक रेस्क्यू उपकरण आने का इंतजार किया जा रहा था। हालांकि मंगलवार सुबह यहां से रवाना होने वाली ट्रेन कितने बजे जाएगी, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह मालवाहक ट्रेन से रेस्क्यू के लिए भारी मशीनें पहुंचने की उम्मीद है। जिसके बाद रेलवे ट्रैक पर भारी मशीनें लेकर पहुंची ट्रेन खड़ी रहेगी, जिसके कारण ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रह सकता है।
हालांकि, देर रात तक रेस्क्यू के उपकरण घटनास्थल पर पहुंचने के समय के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

रेल हादसे की सूचना इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते रहे। इस दौरान आरपीएफ, जीआरपी के जवान मुनादी कर ट्रैक पर पहुंचे युवकों को वापस जाने की चेतावनी देते रहे।

कई युवकों के न लौटने बाद आरपीएफ, जीआरपी ने असामाजिक तत्वों को खदेड़ा। रात 11.21 बजे ट्रेन के आने सूचना पर योगनगरी आरपीएफ निरीक्षक सरोज कुमार ने रेलवे ट्रैक पर मुनादी कर सुरक्षा कर्मी, रेलवे व पत्रकारो को ट्रैक से सुरक्षित दूरी पर भेजा। इसके बाद ट्रेन सुरक्षित गुजर सकी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )