Lucknow Road Accident: लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, डंपर और ट्रक के बीच पिसी कार, MBA पास युवती की मौत, मां समेत चार गंभीर !

Lucknow Road Accident: लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, डंपर और ट्रक के बीच पिसी कार, MBA पास युवती की मौत, मां समेत चार गंभीर !

Lucknow Road Accident: मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी समारोह से घर लौट रहे परिवार की कार आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों भारी वाहनों के बीच फंसकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतका की पहचान पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर-6 निवासी अधिवक्ता राजेश सिंह की इकलौती बेटी समीक्षा सिंह (20) के रूप में हुई है। समीक्षा ने हैदराबाद से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी और मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रही थी। वह दिवाली की छुट्टियां मनाने घर आई हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात समीक्षा अपनी मां गीता (50), पड़ोसी शिखर (30), उनकी पत्नी सुकृति (40) और मां आशा (55) के साथ मोहनलालगंज स्थित शिवगढ़ रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। रात करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच सभी कार से घर लौट रहे थे।

रायबरेली-लखनऊ रोड पर हरिकंशगढ़ी स्थित अल्ट्राटेक गिट्टी प्लांट के पास अचानक सामने आए डंपर को देखकर कार चला रहे शिखर नियंत्रण खो बैठे। कार डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों लोग अंदर फंस गए।

सीएनजी सिलेंडर के कारण रेस्क्यू में आई मुश्किल

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने कार के दरवाजे तोड़कर चालक शिखर, सुकृति, आशा और गीता को बाहर निकाला। चारों को एंबुलेंस से पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर-2 पहुंचाया गया। वहीं, कार के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसी समीक्षा को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था।

सूचना पर मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कार सीएनजी से चलती थी, इसलिए कटर और भारी औजारों के इस्तेमाल से गैस सिलेंडर में विस्फोट का खतरा था। पुलिस ने बेहद सावधानी के साथ करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद समीक्षा को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर कार से सीएनजी सिलेंडर भी अलग किया गया। गंभीर हालत में समीक्षा को ट्रॉमा सेंटर-2 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डंपर चालक फरार, ट्रक पुलिस के कब्जे में

डीसीपी के मुताबिक, हादसे में घायल चारों लोगों का ट्रॉमा सेंटर-2 में इलाज चल रहा है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया। समीक्षा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )