
Lucknow Viral Video : Janeshwar Mishra Park में गार्डों की हैवानियत,पत्नी-बच्चे के सामने युवक को बेरहमी से पीटा
Lucknow Viral Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बहुत ही शर्मसार और दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पार्क के गार्ड एक युवक के साथ बेरहमी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बिलुल साफ़-साफ़ देखा जा सकता है कि युवक की पत्नी लगातार हाथ जोड़कर अपने पति को छोड़ देने की गुहार लगा रही है, जबकि उनका छोटा बच्चा जोर-जोर से रो रहा है। इसके बाद भी गार्डों का दिल नहीं पिघला और उन्होंने युवक को पहले पीटा, फिर उसे घसीटते हुए ले गए।
वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में भयंकर रूप से नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में महिला बार-बार कहती सुनाई दे रही है कि उसके पति को छोड़ दिया जाए, लेकिन गार्ड किसी की सुनने को तैयार नहीं दिखे।
जनेश्वर मिश्र पार्क में हुआ विवाद
बता दे, यह घटना लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क परिसर की है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक और गार्डों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था। लेकिन जिस तरह से सार्वजनिक स्थान पर युवक के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर रूप से बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में तैनात कुछ गार्ड हमेशा लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। वहीं इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग उत्तर प्रदेश पुलिस से मामले का संज्ञान लेने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर #Justice और #Lucknow जैसे हैशटैग तेजी से ट्रेंड कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि परिवार के सामने इस तरह की बर्बरता होगी तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगी।
