Lucknow Murder Case: प्रेग्नेंसी बनी मौत की वजह! लखनऊ में प्रेमी ने की 19 वर्षीय छात्रा की हत्या, कबूला जुर्म

Lucknow Murder Case: प्रेग्नेंसी बनी मौत की वजह! लखनऊ में प्रेमी ने की 19 वर्षीय छात्रा की हत्या, कबूला जुर्म

Lucknow Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कई दिनों से लापता 19 वर्षीय बीएससी छात्रा की प्रेग्नेंट होने के बाद हत्या उसके प्रेमी ने ही कर दी थी। पुलिस जांच में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर महिपतपुर के जंगल से छात्रा के अवशेष बरामद किए गए।

प्रेमी की निशानदेही पर मिला शव

पुलिस के अनुसार छात्रा के लापता होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर उसके प्रेमी से पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर बीकेटी पुलिस और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम महिपतपुर के जंगल पहुंची, जहां से युवती का कंकाल बरामद किया गया।

कई दिनों से जंगल में पड़ा था शव

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव काफी समय से जंगल में पड़ा हुआ था। इस कारण उसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी और अधिकांश हिस्से जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जा चुके थे। मौके से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

कॉलेज जाने के बाद हुई थी लापता

मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की और कॉलेज में भी जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पिता का आरोप है कि उन्होंने 25 मई को शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बाद में धरने पर बैठने के बाद 28 मई को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कपड़ों और चप्पलों से हुई पहचान

शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस के अनुसार युवती के पिता ने मौके पर मिले कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान की। पुलिस अब आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )