
Barabanki news: डीएम की अध्यक्षता में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न
Barabanki news: जिला बाराबंकी में 30 जून 2026 को जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापार, उद्योग एवं श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में बेहतर व्यापारिक एवं औद्योगिक वातावरण विकसित हो सके।
वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में यातायात एवं शहरी व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग एवं अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि साप्ताहिक बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही लगाए जाएं तथा सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पाए। उन्होंने ई-रिक्शा एवं बस संचालन को भी निर्धारित स्थलों से संचालित कराने तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उद्योग बंधु समिति में औद्योगिक अवस्थापना एवं निवेश प्रकरणों की समीक्षा
इसके उपरांत उद्योग बंधु समिति की बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड एवं माती में संचालित अवस्थापना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। फायर स्टेशन एवं अनावासीय भवन निर्माण, सड़क एवं नाली निर्माण, विद्युत सब स्टेशन, ईएसआईसी डिस्पेंसरी, औद्योगिक क्षेत्र रामसनेहीघाट के ले-आउट एवं दर निर्धारण सहित विभिन्न लंबित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं अवस्थापना विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं तथा जिन कार्यों में वित्तीय अथवा प्रशासनिक स्तर पर कोई बाधा हो, उनका तत्काल निराकरण कराया जाए।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समय से पूर्व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निवेशकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक असुविधा न होने पाए।
श्रम बंधु समिति में श्रमिक हितों पर विशेष जोर
श्रम बंधु समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित श्रमिक कल्याण योजनाओं, पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे पात्र श्रमिक योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यूपीएसआईडीसी के अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी प्रतिनिधि तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता – मनोज कुमार
जिला – बाराबंकी
