Hardoi News: एफएलएन ट्रेनिंग के दौरान शिक्षक के कथित नशे में होने का वीडियो वायरल, जांच और कार्रवाई पर टिकी नजरें

Hardoi News: एफएलएन ट्रेनिंग के दौरान शिक्षक के कथित नशे में होने का वीडियो वायरल, जांच और कार्रवाई पर टिकी नजरें

लोकेशन – हरदोई
संवाददाता- आशीष सिंह राजा

Hardoi News: हरदोई के टड़ियावां ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में चल रही एफएलएन ट्रेनिंग के दौरान एक शिक्षक के कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बीआरसी कार्यालय के बाहर पेड़ के नीचे लेटा हुआ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति कन्या प्राथमिक विद्यालय भैंसरी, टड़ियावां के प्रभारी इंचार्ज अध्यापक अंकुर वर्मा हैं, जो एफएलएन प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए बीआरसी पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि शिक्षक ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर रजिस्टर में हस्ताक्षर किए और इसके बाद बीआरसी कार्यालय से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद उन्हें परिसर के बाहर पेड़ के नीचे लेटे हुए देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति वही शिक्षक हैं या उन्होंने शराब का सेवन किया था। इन तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गौरतलब है कि एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षित करना है। ऐसे में प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक के कथित आचरण को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल मामला वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों तक सीमित है। अब निगाहें बेसिक शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर हैं कि मामले की जांच होती है या नहीं और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )