
Chandauli News: डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी का आरोप, फरार हुआ आरोपी पकड़ा गया
लोकेशन- चंदौली
संवाददाता- मिथिलेश गुप्ता
Chandauli News: चंदौली के चकिया क्षेत्र के सद्दुल्लापुर में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि 20 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी मोहन प्रजापति बच्ची को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि कुछ समय बाद बच्ची के रोने-चिल्लाने पर वह उसे वापस घर के पास छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने बच्ची की हालत देखी तो उन्हें घटना की जानकारी हुई और उन्होंने आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी के नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा था। इसके बाद 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि आरोपी ने भागने की कोशिश की और लोगों से हाथापाई का प्रयास किया। इस दौरान भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजे जाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
नोट: मासूम बच्ची की पहचान और परिवार से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
