
Rahul Gandhi Phone Tapping Row: राहुल गांधी के फोन टैपिंग दावे से गरमाई सियासत, अखिलेश बोले- तकनीक से कुछ भी संभव !
Rahul Gandhi Phone Tapping Row: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया और आमने-सामने बहस की चुनौती दी। उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज के दौर में तकनीक के जरिए कुछ भी हो सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके आरोपों को ‘घटिया राजनीति’ करार दिया है।
राहुल गांधी ने लगाया फोन टैपिंग का आरोप
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि उनके फोन में उनके सभी आरोपों के सबूत मौजूद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप कराया जा रहा है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री जिस दिन उनके साथ आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, उस दिन यह साफ हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है। राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि वह सीधे सवाल-जवाब चाहते हैं।
अखिलेश यादव बोले- आजकल कुछ भी हो सकता है
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज के समय में कुछ भी संभव है। तकनीक इतनी आसान हो गई है कि कुछ भी हो सकता है। अखिलेश यादव ने इस दौरान दिवंगत नेता अमर सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमर सिंह ने भी फोन टैपिंग की बात कही थी और बाद में वह सच निकली थी। अखिलेश के इस बयान को राहुल गांधी के आरोपों के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य का राहुल गांधी पर पलटवार
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने राजनीतिक जीवन के सबसे निचले स्तर की ‘घटिया राजनीति’ कर रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी का यह स्तर नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे बहस करें। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पुरानी फितरत आरोप लगाने और फिर पीछे हट जाने की रही है। फोन टैपिंग का आरोप भी उनकी ‘हल्ला बोल राजनीति’ का हिस्सा है।”
राहुल ने संसद में बोलने नहीं देने का भी लगाया आरोप
राहुल गांधी ने फोन टैपिंग के दावे के साथ संसद में अपनी बात नहीं रखने देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में उनका माइक बंद कर दिया जाता है और उन्हें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने का मौका नहीं मिलता।
राहुल ने कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री के साथ ऐसी बहस चाहते हैं, जिसमें दोनों नेता सीधे एक-दूसरे से सवाल कर सकें। राहुल ने यह भी कहा कि अगर बहस में गौतम अडानी या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को निर्णायक बनाया जाता है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
फोन टैपिंग के आरोपों पर सियासत तेज
राहुल गांधी के आरोपों के बाद विपक्ष और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने तकनीक के मौजूदा दौर का हवाला देते हुए फोन टैपिंग को संभव बताया, जबकि केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल के आरोपों को राजनीतिक ड्रामा करार दिया। हालांकि, राहुल गांधी की ओर से लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के रूप में सामने आया है।
