
Lok Kalyan Marg Protest: राहुल गांधी का पीएम आवास के पास प्रदर्शन, मोदी और अमित शाह के इस्तीफे की मांग
Lok Kalyan Marg Protest: पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता पीएम आवास के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधान मंत्री मोदी और गृहमंत्री अमितशाह का इस्तीफा मांगते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है और अब इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जवाब देना होगा।
यह प्रदर्शन उस घटना के ठीक एक दिन बाद हुआ, जब Cockroach Janta Party (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। इस घटना के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।
खड़गे के घर से शुरू हुआ मार्च, PM आवास तक पहुंचने की कोशिश
कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता दोपहर में 10, राजाजी मार्ग स्थित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर जुटे। यहां से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग की ओर मार्च शुरू किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। मार्च को रोकने के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
राहुल गांधी का सरकार पर हमला- ‘युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों पर हुई कथित बर्बरता के खिलाफ प्रधानमंत्री से जवाब मांगने पहुंची है।
We have marched to PM Modi’s house to demand answers from him for the brutalities against young students yesterday.
The Government doesn’t want to take any accountability or does it want to have a debate on it in Parliament.
PM and HM must resign for destroying the future of… pic.twitter.com/gnU3ZkRKDx
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 21, 2026
राहुल गांधी ने लिखा कि सरकार न तो इस मामले की जिम्मेदारी लेने को तैयार है और न ही संसद में इस पर चर्चा कराना चाहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि दोनों ने देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।
सोमवार को CJP के संसद मार्च में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए थे। पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस छोड़ी और कई प्रदर्शनकारियों को गंभीर चोटें आईं।
वहीं दिल्ली पुलिस ने पूरी घटना के लिए प्रदर्शनकारियों को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़े, पथराव किया, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और हिंसा फैलाई। पुलिस के मुताबिक इस झड़प में 118 पुलिसकर्मी, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, घायल हुए।
BJP का पलटवार- PM की सुरक्षा से खिलवाड़
कांग्रेस के पीएम आवास मार्च पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता करने की कोशिश की है। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, “अगर संसद में हमारी बात नहीं सुनी जाएगी और प्रधानमंत्री वहां मौजूद नहीं रहेंगे, तो हम अपनी बात कहने कहां जाएं? हमारा प्रदर्शन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है।”
पेपर लीक से सड़क तक पहुंची सियासत
NEET समेत कई परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और छात्रों के भविष्य का मुद्दा अब देश की राजनीति के केंद्र में आ गया है। CJP जहां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस ने इस विवाद को सीधे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जवाबदेही से जोड़ दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज होने की संभावना है।
