Bird Flu Vaccine India: अब बर्ड फ्लू पर लगेगी लगाम! भोपाल में राष्ट्र को समर्पित होगी स्वदेशी वैक्सीन !

Bird Flu Vaccine India: अब बर्ड फ्लू पर लगेगी लगाम! भोपाल में राष्ट्र को समर्पित होगी स्वदेशी वैक्सीन !

Bird Flu Vaccine India: बर्ड फ्लू के खतरे से मुर्गियों और पोल्ट्री कारोबार को बचाने के लिए भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार H5N1 बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है। इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने तैयार किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस पहल से बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने, पोल्ट्री किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने और संक्रमण के दूसरे पशुओं व इंसानों तक पहुंचने के जोखिम को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुर्गियों के लिए विकसित की गई H5N1 वैक्सीन

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह वैक्सीन मुर्गियों के लिए तैयार की गई है। इसे निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के खिलाफ विकसित किया गया है। भारत में इस वायरस के खास क्लेड के खिलाफ तैयार की गई यह पहली स्वदेशी वैक्सीन है।

ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने देश में फैलने वाले वायरस के स्वरूप को ध्यान में रखते हुए इसका विकास किया है। बर्ड फ्लू को अत्यधिक संक्रामक बीमारी माना जाता है, जो मुर्गियों समेत कई पक्षियों को प्रभावित करती है। संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो सकती है। कई बार बीमारी पर नियंत्रण के लिए संक्रमित पक्षियों को बड़े पैमाने पर मारना पड़ता है, जिससे पोल्ट्री कारोबार और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

बर्ड फ्लू से पोल्ट्री कारोबार को कितना नुकसान?

बर्ड फ्लू का असर केवल पक्षियों की मौत तक सीमित नहीं रहता। इसके कारण पोल्ट्री उत्पादों की सप्लाई प्रभावित होती है, व्यापार पर प्रतिबंध लग सकते हैं और बाजार में चिकन व अन्य उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव आ सकता है। इसका सीधा असर किसानों की कमाई और रोजगार पर भी पड़ता है।

केंद्र सरकार के अनुमान के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देश की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। यदि वायरस बड़े स्तर पर फैलता है तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी संक्रमण की चपेट में आ सकती है या उसे नष्ट करना पड़ सकता है। साल 2006 में भारत में बर्ड फ्लू के प्रकोप के चलते प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था।

मणिपुर में भी बर्ड फ्लू के एक प्रकोप से राज्य की GDP के लगभग 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक क्षति हुई थी। ऐसे आंकड़े बताते हैं कि इस बीमारी का असर पशुपालन क्षेत्र के साथ-साथ अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।

इंसानों में भी सामने आ चुके हैं H5N1 संक्रमण के मामले

बर्ड फ्लू को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी गंभीर माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

मंत्रालय के मुताबिक, वायरस के अध्ययन में सामने आया है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1A भारत में मुर्गियों के बीच संक्रमण फैलने के ज्यादातर मामलों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में यह वायरस कई पशु प्रजातियों, यहां तक कि स्तनधारियों में भी पाया गया है। इंसानों में भी इस स्वरूप से संक्रमण के तीन मामले सामने आने की जानकारी दी गई है।

यही वजह है कि बर्ड फ्लू को नियंत्रित करना केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित चुनौती नहीं है। संक्रमण को फैलने से रोकना पशुओं, किसानों और सार्वजनिक स्वास्थ्य, तीनों के लिए जरूरी है।

भारत के लिए स्वदेशी वैक्सीन क्यों है अहम?

केंद्र सरकार के अनुसार, फिलहाल H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ सुरक्षा देने वाली कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में भारत में ही वैक्सीन तैयार होना बर्ड फ्लू नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित वैक्सीन का उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस के इस स्वरूप के खिलाफ मुर्गियों को सुरक्षा प्रदान करना है। इससे पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और वायरस के दूसरे पशुओं व इंसानों तक फैलने के खतरे पर नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )