Barabanki News: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न !

Barabanki News: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न !

जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार

Barabanki News:  बाराबंकी, 22 सितम्बर, 2026। आयुक्त अयोध्या मंडल श्री राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार, बाराबंकी में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज के प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं से लाभान्वित किए गए पात्र परिवारों की कार्यवाही एवं प्रगति की निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से रिपोर्टिंग की जाए। अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयावधि तक नियमित रूप से जनता दर्शन करें तथा जनता से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि बजट के अभाव के कारण प्रभावित अथवा लंबित परियोजनाओं की सूची तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि आवश्यक स्तर पर कार्यवाही कराते हुए परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।

मंडलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं की निर्धारित समयावधि पूर्ण होने वाली है, उनमें पर्याप्त मैनपॉवर एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं एवं सड़कों को शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर कराने के भी निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए नए पेंशनरों का आवश्यक सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने को कहा।

बैठक में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन, उद्यान, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, व्यक्तिगत शौचालय, स्वच्छ भारत मिशन, फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-कुसुम, निराश्रित गोवंश संरक्षण, आयुष्मान कार्ड, जीरो पॉवर्टी, रानी लक्ष्मीबाई बाल सम्मान योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित कार्यक्रमों, होम बेस्ड न्यूबॉर्न बेबी चाइल्ड केयर, होम बेस्ड केयर फॉर यंग चाइल्ड, मंत्रा ऐप एवं एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा विभागीय अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन श्री अजयकान्त सैनी, जिलाधिकारी बाराबंकी श्री ईशान प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अयोध्या श्री शशांक त्रिपाठी, जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर श्रीमती ईशा प्रिया, जिलाधिकारी सुल्तानपुर श्री इंद्रजीत सिंह, समस्त मुख्य विकास अधिकारी एवं मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मंडलायुक्त द्वारा कानून व्यवस्था एवं कर-करेत्तर कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )