
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की लगातार तीसरी हार, सीरीज हाथ से निकली
South Africa Women Cricket: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी 20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के शानदार शतक की बदौलत भारत को 9 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ भारतीय टीम सीरीज में लगातार तीसरा मैच हार गई है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से ओपनर शफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 64 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 8 चौके शामिल थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 38 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 66 रन बनाए।
स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों में 37 रन का योगदान दिया, जबकि ऋचा घोष ने 10 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। 193 रनों का लक्ष्य चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, लेकिन शानदार फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने इसे आसान बना दिया। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 53 गेंदों में 115 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 14 चौके शामिल थे। यह उनके टी20 करियर का तीसरा शतक और सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। वोल्वार्ड्ट के साथ ओपनिंग करने आईं सुने लुस ने भी बेहतरीन पारी खेलते हुए 42 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे। तजमिन ब्रिट्स 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर नाबाद रहीं।
दक्षिण अफ्रीका ने यह लक्ष्य 16.3 ओवर में ही हासिल कर लिया और 1 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाते हुए मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। वोल्वार्ड्ट को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज का पहला मुकाबला 6 विकेट से और दूसरा मुकाबला 8 विकेट से जीता था। वोल्वार्ड्ट ने पहले मैच में 51 और दूसरे मैच में 54 रन की पारी खेली थी, जिससे उनकी लगातार शानदार फॉर्म का अंदाजा लगाया जा सकता है।
