
Jalaun News: भीषण गर्मी से राहत बनी काल, माधौगढ़ में नदी में डूबे तीन दोस्तों के शव बरामद
Jalaun News: जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दोस्तों के साथ पहूज नदी में नहाने और समय बिताने गए 14 युवकों में से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
पहूज नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास बहने वाली पहूज नदी में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा मे गांव के 14 युवक भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने व पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों में आशीष यादव, पंकज बघेल, प्रवेंद्र बघेल, राहुल, बलराम, रंजीत, अमित, अब्बास, राकेश, उदयवीर, सैम सिद्दीकी, जगमोहन, सुमीप और अवनीभ शामिल थे।
नदी में नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19) पुत्र चरण सिंह, सुमीप बघेल (15) पुत्र जगदीश तथा अवनीभ यादव (20) पुत्र गंगा सिंह यादव अचानक गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों पानी में डूबकर लापता हो गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीनों युवकों के शव बरामद
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर माधौगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले।
शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। भीषण गर्मी के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
