Kasganj News: आंधी-तूफान ने उजाड़ा परिवार का आशियाना, मलबे में दबकर तीन की दर्दनाक मौत

Kasganj News: आंधी-तूफान ने उजाड़ा परिवार का आशियाना, मलबे में दबकर तीन की दर्दनाक मौत

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में आंधी, तूफान और बारिश ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। सिढ़पुरा ब्लॉक के ग्राम शेखूपुरा में शुक्रवार तड़के एक मकान का लैंटर ढह जाने से दंपत्ति और उनकी मासूम बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

तड़के चार बजे हुआ हादसा

जिलाधिकारी प्रणय सिंह के अनुसार सुबह करीब चार बजे तेज आंधी और बारिश के चलते ग्राम शेखूपुरा स्थित एक मकान का लैंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।

लैंटर गिरने से पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। मलबा हटाने के बाद तीन लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।

दंपत्ति और बेटी की हादसे में गई जान

वीरभान पुत्र भगवान सिंह उम्र 35 वर्ष, उनकी पत्नी नीलम उम्र 33 वर्ष और चार वर्षीय बेटी काव्या की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती मलबे में दबने से मोहिनी उम्र 10 वर्ष, सूरज उम्र 8 वर्ष और काजल उम्र 12 वर्ष घायल हो गए।

सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चों की हालत अब स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

डीएम और एसपी ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक कासगंज मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हालचाल जाना। साथ ही पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शासन और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रशासन ने शुरू की सहायता व्यवस्था

जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। एक टीम परिवार के तात्कालिक जीवन-यापन की व्यवस्था में जुटी है, जबकि दूसरी टीम अस्पताल में भर्ती बच्चों की देखरेख कर रही है।

प्रशासन की ओर से स्थानीय अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है ताकि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गांव में पसरा मातम

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहीं प्रशासन घटना से प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )