
Lcknow news: अजय राय ने भाजपा नेताओं से देशहित में संपत्ति और सोना दान करने की अपील की
Lcknow news: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर देश की आर्थिक स्थिति छिपाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं से अपनी संपत्तियां और सोना देशहित में दान करने की मांग की। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अजय राय ने कहा कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार जनता को वास्तविक हालात नहीं बता रही है।
अजय राय ने प्रधानमंत्री के उस बयान का जिक्र किया जिसमें लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि भारत में सोना केवल निवेश नहीं बल्कि सामाजिक और पारिवारिक परंपरा का हिस्सा है। शादी-विवाह के समय हर परिवार अपनी बेटियों और बहनों के लिए गहने खरीदता है। ऐसे में जनता से सोना न खरीदने की अपील करना आम लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि अगर देश की आर्थिक स्थिति वास्तव में खराब है तो भाजपा नेताओं को आगे आकर अपनी संपत्तियां और सोना दान करना चाहिए। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने जनता का पैसा लूटकर अपने खजाने भर लिए हैं और अब आम जनता से त्याग की उम्मीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने हमेशा देशहित में योगदान दिया है और इतिहास में कई बार कांग्रेस नेताओं ने अपने गहने और संपत्तियां राष्ट्रहित में दान की हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की आर्थिक चुनौतियों को सामने ला रहे हैं, लेकिन भाजपा उन्हें गलत साबित करने में लगी रहती है।
