Lucknow Fire: चिनहट के हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार

Lucknow Fire: चिनहट के हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार

Lucknow Fire: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज (Himalayan Cold Storage) में रविवार सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया।

आग इतनी भयावह थी कि इसका धुआं करीब 4 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

मौके पर दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियां आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

सुबह टहलने निकले लोगों ने दी सूचना

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से धुआं निकलते देखा। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

खाली कराए गए आसपास के घर

वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन  आसपास के घरों को खाली करा दिया ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मौके पर राहत और बचाव कार्य (Rescue Operation) लगातार जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। अभी तक किसी बड़ी जनहानि या अन्य गंभीर घटना की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )