Nepal Flood: भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से तबाही, 8 की मौत और 41 सुरक्षाकर्मी लापता

Nepal Flood: भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से तबाही, 8 की मौत और 41 सुरक्षाकर्मी लापता

Nepal Flood: तिब्बत की ओर से भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। इस भयंकर तबाही के कारण अभी तक 8 लोगों की जान चली गई है। वहीं 41 से अधिक सुरक्षाकर्मी लापता हो गये हैं। नेपाल में आई भयंकर तबाही के कारण बिहार में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए त्रिशूली नदी के निचले स्थानों में लोगों सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

अचानक आई बाढ़ का कारण अभी स्पष्ट नहीं

रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेंद्र परियार के मुताबिक बाढ़ का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में मौसम साफ था और बारिश भी नहीं हुई थी। ऐसे में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने को लेकर ग्लेशियर झील फटने या किसी प्राकृतिक अस्थायी बांध के टूटने की आशंका जताई जा रही है।

संभावना है कि तिब्बत के ऊपरी इलाकों में ग्लेशियर झील के फटने से बड़ी मात्रा में पानी अचानक भोटे कोशी नदी में पहुंचा हो। इसके अलावा किसी पहाड़ी क्षेत्र में बने प्राकृतिक बांध के टूटने से भी नदी का बहाव अचानक तेज होने की आशंका है।

हाइड्रोपावर परियोजना को भी भारी नुकसान

भोटे कोशी नदी के तेज बहाव ने नदी किनारे स्थित जलविद्युत परियोजनाओं को भी प्रभावित किया है। चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट समेत कई परियोजनाएं बाढ़ के पानी और मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हुई हैं। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए नुवाकोट और धाडिंग जिलों के निचले इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है।

तिमुरे में फंसे लोगों के लिए भेजा गया हेलीकॉप्टर लौटा

बाढ़ और भूस्खलन के कारण तिमुरे क्षेत्र में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए एल्टीट्यूड एयर का रेस्क्यू हेलीकॉप्टर भेजा गया था, लेकिन उसे बिना लैंडिंग के ही काठमांडू लौटना पड़ा। पायलट के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में तिमुरे का स्थानीय हेलीपैड पूरी तरह बह गया था। ऐसे में हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची थी।
हवाई सर्वेक्षण के दौरान तिमुरे गांव का बड़ा हिस्सा बाढ़ के पानी और मलबे में डूबा हुआ दिखाई दिया।

राहत और बचाव अभियान जारी

फिलहाल स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों से संपर्क करने और राहत पहुंचाने में जुटी हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। स्थिति को देखते हुए आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )