
Sant Kabir Nagar News: आंधी-तूफान के बीच कौवाताड़ गांव में भीषण आग, आधा दर्जन झोपड़ियां जलकर राख
Sant Kabir Nagar News: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के कौवाताड़ गांव में आंधी-तूफान के बीच भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और करीब आधा दर्जन झोपड़ियां उसकी चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
इस अग्निकांड में झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि कई मवेशी—जिनमें भैंस और बकरियांहैं।शामिल हैं आग की लपटों से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।ग्रामीणों का आरोप है कि खेत में पराली (डंठल) जलाने के दौरान उठी चिंगारी तेज आंधी के कारण बस्ती तक पहुंच गई, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में तनाव और मातम का माहौल है।
सूचना मिलने पर खलीलाबाद क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही, जो नुकसान का आकलन कर रही है।सीओ ने ग्रामीणों को शांत रहने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि पूरी जांच के बाद प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।
