
Shamli News: कैराना में दर्दनाक हादसा, धुएं से दम घुटने पर दो मासूम बेटियों की मौत
Shamli News: शामली जनपद के कैराना कस्बे में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला द्वारा खुद को आग लगाए जाने के बाद कमरे में भरे धुएं से उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। घटना से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है, जबकि गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।दम घुटने से दो मासूम की मौत घटना शामली के कैराना नगर के मोहल्ला आलदरमियान की है। बताया जा रहा है कि करीब 30 वर्षीय अनीता ने अपने कमरे में पहले फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर उसने खुद को आग के हवाले कर दिया।
आग लगने से कमरे में तेजी से धुआं भर गया। उसी दौरान कमरे में मौजूद उसकी करीब 10 वर्षीय बेटी और डेढ़ वर्षीय पुत्री जसप्रीत धुएं की चपेट में आ गईं। दोनों बच्चियों की दम घुटने से मौके पर ही हालत बिगड़ गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से महिला और दोनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला का गंभीर हालत में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि महिला की चार वर्ष पूर्व जस्सी नामक युवक से दूसरी शादी हुई थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और पति रेडी पर फल-सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के समय पति काम पर गया हुआ था, जबकि सास पड़ोस में मौजूद थी। पुलिस ने बताया सूचना पर पुलिस अधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिवार के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। पुलिस आत्महत्या के प्रयास, पारिवारिक तनाव और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
