
Siraj Selection Controversy: मोहम्मद सिराज के चयन पर सियासी घमासान, कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने उठाया भेदभाव का मुद्दा !
Siraj Selection Controversy: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने का मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने भी क्रिकेट में भेदभाव का मुद्दा उठाया है। उन्होंने दावा किया कि क्रिकेट में दलितों, मुसलमानों और अति पिछड़ों के साथ भी पक्षपात होता आया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि खेल को खेल भावना से लेना चाहिए और चयन में हमेशा अच्छे खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए।
राजेंद्र पाल गौतम का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। कांग्रेस नेताओं के बयानों के बाद क्रिकेट टीम के चयन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
राजेंद्र पाल गौतम ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने क्रिकेट में भेदभाव होने का दावा किया। उन्होंने कहा, “क्रिकेट क्रिकेट होता है, लेकिन क्रिकेट में पक्षपात तो होता आया है, इसमें तो कोई संदेह नहीं है। इसमें भी कोई संदेह नहीं है कि दलितों के साथ, मुसलमानों के साथ, अति पिछड़ों के साथ हर लेवल पर कहीं न कहीं पक्षपात होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट को खेल भावना के साथ लिया जाना चाहिए। बोर्ड और सिलेक्शन कमेटी को हमेशा अच्छे खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। उनके मुताबिक, चयन का आधार खिलाड़ी का प्रदर्शन और उसकी काबिलियत होनी चाहिए।
इमरान मसूद ने लगाया था बड़ा आरोप?
दरअसल, यह पूरा विवाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान के बाद शुरू हुआ था। उन्होंने मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे। इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को उनके नाम और धार्मिक पहचान की वजह से टीम से बाहर रखा गया। उन्होंने कहा था कि खिलाड़ी का प्रदर्शन देखा जाना चाहिए, न कि उसका नाम या धर्म। उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर क्रिकेट में भी धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया था।
बीजेपी ने क्या दिया जवाब?
इमरान मसूद के बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पलटवार किया था। उन्होंने कांग्रेस नेता पर ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। दानिश आजाद अंसारी ने कहा था कि भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों का चयन धर्म के आधार पर नहीं होता। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए विभाजनकारी मुद्दे उठाने का आरोप भी लगाया।उत्तर प्रदेश समाचार
सिराज के चयन पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?
मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी सवाल उठाए थे। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी सिराज को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर हैरानी जताई थी। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में सिराज 11 टेस्ट मैचों में 43 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच भी चर्चा हुई।
फिलहाल मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर शुरू हुई बहस अब क्रिकेट के मैदान से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई है। एक तरफ कांग्रेस नेता चयन प्रक्रिया में भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं, वहीं बीजेपी की ओर से इन आरोपों को खारिज किया जा रहा है।
