Jharkhand news: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में हिंसक वारदात, तीर लगने से व्यक्ति गंभीर घायल

Jharkhand news: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में हिंसक वारदात, तीर लगने से व्यक्ति गंभीर घायल

Jharkhand news: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झींकपानी थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय व्यक्ति पर तीरों से हमला कर दिया गया। हमलावर ने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए, जिनमें से तीन तीर पीड़ित के हाथ में जा धंसे। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

बेटेया गांव के रहने वाला 55 वर्षीय चोइया बुडीउली बाइक से सब्जी बेचने के लिए झींकपानी साप्ताहिक बाजार जोड़ापोखर जा रहा था। इसी दौरान बेटेया और चिड़ियापहाड़ी गांव के बीच चिड़ियापहाड़ी के रहने वाले तापे बुडीउली ने रोक लिया। इसके बाद अचानक तीरों से हमला शुरू कर दिया।
दरअसल, चोइया बुडीउली अपने एक दोस्त का पक्ष ले रहा था, जिसका आरोपी तापे बुडीउली के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान चोइया बुडीउली जान बचाने के लिए अपनी बाइक छोड़कर भागने लगा, लेकिन आरोपी लगातार तीर चलाता रहा। करीब 20 तीर चलाए गए, जिनमें से तीन तीर चोइया के बाएं हाथ में जा लगे। एक तीर उन्होंने खुद निकाल लिया, जबकि दो तीर हाथ में गहराई तक धंस गए।

गंभीर रूप से घायल चोइया किसी तरह सड़क तक पहुंचा। वहां से वह एक वाहन के पीछे लटककर झींकपानी जोड़ापोखर चौक तक पहुंचा। चौक पर मौजूद लोगों ने हालत देखकर तुरंत टेंपो से झींकपानी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। सदर अस्पताल के डॉ. गणेश बिरूली ने ऑपरेशन कर दोनों तीर बाहर निकाले। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद झींकपानी थाना पुलिस ने घायल चोइया बुडीउली के बयान पर आरोपी तापे बुडीउली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )