UP Land Measurement: यूपी में अब सैटेलाइट से होगी जमीन की पैमाइश, एक इंच की भी नहीं होगी गड़बड़ी!

UP Land Measurement: यूपी में अब सैटेलाइट से होगी जमीन की पैमाइश, एक इंच की भी नहीं होगी गड़बड़ी!

UP Land Measurement: उत्तर प्रदेश में जमीन की नापजोख को लेकर होने वाले विवादों पर अब तकनीक से लगाम लगाने की तैयारी है। अब खेत और जमीन की पैमाइश पुरानी जरीब से नहीं, बल्कि सैटेलाइट आधारित तकनीक से की जाएगी। इसके लिए प्रदेश की सभी तहसीलों में रोवर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले पैमाइश के दौरान एक फीट का अंतर बढ़कर दस फीट तक पहुंच जाता था और इसका खामियाजा गरीब लोगों को भुगतना पड़ता था। अब तकनीक की मदद से एक इंच का भी अंतर नहीं होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भैया दूज के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राजस्व विभाग के 1,146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 परिवारों के बैंक खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी भेजी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, रोजगार, जमीन से जुड़े विवादों और किसानों को मिलने वाली सहायता का जिक्र किया।

2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में बैठे थे ‘मुन्ना भाई’

नवनियुक्त युवाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या उन्हें चयन के लिए किसी तरह की सिफारिश करनी पड़ी या पैसे देने पड़े? इस पर सभी ने इनकार किया। योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शासन और भर्ती प्रक्रिया में ‘मुन्ना भाई’ बैठे हुए थे। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ फिल्म का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा कोई दूसरा देता था और नियुक्ति पत्र कोई और लेकर चला जाता था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती आयोगों पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। भ्रष्टाचार के कारण योग्य युवाओं को न्याय के लिए अदालतों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर नियुक्तियों की गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लेना चाहिए।

26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे। इसके बाद 26 जनवरी तक एक लाख अतिरिक्त नियुक्तियां देने का लक्ष्य तय किया गया। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त से अब तक 16 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, छह नवंबर को 4,543 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। राजस्व विभाग में पहले ही 10,836 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा 7,994 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस विभाग में 32 हजार और होमगार्ड के 42 हजार से अधिक पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है। फिलहाल सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है और अगले सप्ताह होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है।

445 रोवर मशीनों से होगी जमीन की सटीक पैमाइश

जमीन से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में होने वाले ज्यादातर विवाद जमीन को लेकर होते हैं। इन समस्याओं को खत्म करने के लिए सरकार ने 445 रोवर मशीनें खरीदी हैं। इनकी मदद से सैटेलाइट आधारित तकनीक के जरिए जमीन की सटीक पैमाइश की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जून महीने में करीब 70 हजार पैमाइश कराई गई थीं।

उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मुकदमों का आंकड़ा भी साझा किया। योगी के अनुसार, वर्ष 2017 में राजस्व न्यायालयों में 34 लाख मुकदमे लंबित थे। अब तक 37,81,363 वादों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, जून में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नामांतरण के 3,10,056 मामलों का निपटारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें समस्याएं खड़ी करती थीं, जबकि मौजूदा सरकार उनका समाधान कर रही है।

घरौनी से ग्रामीण परिवारों को मिला मालिकाना अधिकार

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई घरौनी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए ग्रामीण परिवारों को आबादी की जमीन पर मालिकाना अधिकार मिला है। संपत्ति महिलाओं के नाम होने से उन्हें बैंक से ऋण लेकर कारोबार शुरू करने के अवसर भी मिल रहे हैं।

योगी ने बताया कि देश की कुल आबादी में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत है, जबकि देश में तैयार की गई कुल घरौनियों में प्रदेश की हिस्सेदारी 37 प्रतिशत है।

1.40 लाख किसान परिवारों को मिल चुकी है दुर्घटना सहायता

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है। सांप और बिच्छू के काटने, सांड़ तथा जंगली जानवरों के हमले से होने वाली दुर्घटनाएं भी इस योजना के दायरे में आती हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को इस योजना के तहत 5,833.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। बुधवार को भी 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये भेजे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार अन्नदाता के परिवार के साथ खड़ी है।

‘न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में अब सब चंगा’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के दौरान प्रदेश में दंगे होते थे और कर्फ्यू लगाना पड़ता था। योगी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की चार सरकारों के दौरान प्रदेश में 1,500 दंगे हुए। वहीं, पिछले साढ़े नौ साल में न कर्फ्यू लगा और न ही दंगा हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित माहौल के कारण प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उत्तर प्रदेश अब देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। दीपावली पर प्रदूषण को लेकर आलोचना करने वालों पर भी उन्होंने तंज कसा। योगी ने कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार के जरिए सिस्टम को प्रदूषित किया, उन्हें जनता के त्योहार मनाने पर प्रदूषण याद आता है।

ब्रजेश पाठक बोले- पहले नौकरी के लिए चलती थी पर्ची-खर्ची

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सरकारी नौकरी पाने के लिए पर्ची-खर्ची का चलन था और हर जिले में एजेंट सक्रिय रहते थे। अब बिना किसी जुगाड़ के युवाओं को नियुक्तियां मिल रही हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से समाजसेवा को प्राथमिकता देने और राजस्व विभाग को देश में नंबर एक बनाने का आह्वान किया।

राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि तकनीक और नवाचार के जरिए राजस्व विभाग में बदलाव किए गए हैं। दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देना सरकार की संवेदना और जिम्मेदारी को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने 10 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 युवाओं को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें गोरखपुर की अंकिता सिंह, आगरा की आशिया बानो, सीतापुर के विवेक सिंह, आजमगढ़ के राजेश सरोज, पीलीभीत के धीरज कुमार, सहारनपुर की पारुल, चित्रकूट धाम के राजेश कुमार, वाराणसी के विनीत कुमार यादव, लखनऊ के आदर्श शुक्ला और अयोध्या के प्रिंस सिंह शामिल रहे।

इसके अलावा मीरा सिंह, अयोध्या की विदिता श्रीवास्तव, सीतापुर की रजनी देवी, उन्नाव की शिव प्यारी, लखनऊ की पूनम पांडेय, अयोध्या की शांति देवी, लखनऊ की राबिया, बाराबंकी की रीता सिंह, अयोध्या की रामरती और हरदोई की पिंकी देवी को प्रतीकात्मक चेक दिए गए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल और रामचन्द्र प्रधान मौजूद रहे। इनके अलावा राजस्व परिषद के अध्यक्ष बाबू लाल मीना और प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यूजी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बाबू लाल मीना ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर स्वागत किया। प्रमुख सचिव अपर्णा यूजी ने राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर और कंचन वर्मा ने राजस्व परिषद के अध्यक्ष का स्वागत किया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )