
UP News: कानपुर-झांसी हाईवे पर भीषण हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत
UP News: कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। पूंछ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
देर रात खिल्ली गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित खिल्ली गांव के पास कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर देर रात यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि कानपुर से झांसी की ओर आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
मौके पर ही दो लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी शामिल है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए तीन अन्य लोगों को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है
पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य करा दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सड़क हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
