
बहुजन समाज के लिए संविधान का महत्व,पूर्व वरिष्ठ आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने विचार संगोष्ठी में अधिकारों पर चर्चा की
Azamgarh News: भारतीय संविधान ने बहुजनों और वंचित समाज को सुरक्षा का अधिकार दिया है, यह बात पूर्व वरिष्ठ आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने कही। 6 अप्रैल को सामाजिक संस्था बहुजन भारत के तत्वाधान में पल्हना ब्लॉक के भोजपुर गांव में प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय था: “अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक वर्गों के विकास में भारत के संविधान का महत्व।” वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त कर संविधान के महत्व को समझाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पन्नालाल ने की और संचालन लालसाराम ने किया।
मुख्य अतिथि और सामाजिक संस्था बहुजन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि जब मैं गांव आया, समाज की स्थिति खराब थी और सामंती लोग लोगों का उत्पीड़न करते थे। उन्होंने कहा कि गांव से जड़ से जुड़ाव होना चाहिए। मान्यवर कांशीराम के विचार आज भी प्रासंगिक हैं, और उनके सिद्धांतों पर चलना जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि रिटायर्ड अधिकारी और कर्मचारियों का अनुभव समाज को लाभ पहुंचाने में काम आता है। भारतीय संविधान ने वंचितों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समाज को स्वतंत्रता और समानता का अधिकार दिया। पहले यह व्यवस्था नहीं थी, और मनुवादी सोच के लोग उत्पीड़न करते थे।कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजनों को जागरूक किया। अब समय आ गया है कि बहुजन समाज एकजुट हो और सत्ता पर काबिज होकर संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का लाभ ले। बाबा साहब ने वोट का अधिकार दिया, जिसके जरिए सत्ता परिवर्तन संभव है।
रिटायर्ड मुख्य विकास अधिकारी के.डी. राम ने कहा कि संविधान बनाने में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को कई कठिनाइयों और सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ा। यह संविधान दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करता है। रिटायर्ड एडीएम डॉ. तुलसीराम ने कहा कि बाबा साहब ने अछूतों को गुलामी के जंजीरों से मुक्त किया और शोषित समाज को जागरूक किया। हमें उनके विचारों पर चलना चाहिए।
समाजसेवी अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मनुवादी सोच के लोग 85% बहुजन समाज का उत्पीड़न करते थे और जाति के नाम पर उनका शोषण करते थे। बाबा साहब द्वारा संविधान बहुजन समाज की सुरक्षा करता है। मान्यवर कांशीराम ने कहा कि सत्ता मिलने पर ही सामाजिक अधिकार मिल सकते हैं। कार्यक्रम में प्रो. डॉ. सुरेंद्र गौतम, डोभी के पूर्व प्रमुख जयप्रकाश, एलडीए के पूर्व अनु सचिव देवचंद राम, मेहनगर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख राम नवल, सुरेश एडवोकेट, राजबली, रामा राजभर, रामचंद्र प्रधान, अग्रसेन पीजी कॉलेज की प्रवक्ता रागनी गौतम, प्रो. डॉ. इंद्रजीत, डॉ. राम लक्ष्मण यादव, त्रिभुवन, राम अवध, अशोक, अनिल सागर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के संयोजक प्रवक्ता दिनेश चौधरी और लेखपाल सभाजीत ने सहयोग किया।
