
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, कृष्णानगर फल-सब्जी मंडी में बड़ा नुकसान
Lucknow News: राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित फल और सब्जी मंडी में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
देर रात आग का कहर
घटनाक्रम के अनुसार, 09 अप्रैल की रात करीब 09:45 बजे पुलिस को मंडी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल हरकत में आईं।
आग की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की लगभग 10 गाड़ियाँ भेजी गईं। इसके साथ ही सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) कृष्णानगर और प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। पुलिस और दमकल कर्मियों के संयुक्त और अथक प्रयासों के बाद आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया।
कई दुकाने जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में मंडी के भीतर स्थित लगभग 10-12 टिनशेड युक्त दुकानें जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। व्यापारियों का काफी सामान जलकर राख हो गया है, जिसका आकलन किया जा रहा है।
घटना को लेकर प्रशासन ने कहा, “प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य व नियंत्रण में है।”
हादसे के बाद मंडी परिसर में कूलिंग का काम पूरा कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। समय पर पहुंची दमकल की गाड़ियों की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग पूरी मंडी को अपनी चपेट में ले सकती थी।

