नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन: वेतन को लेकर भड़का गुस्सा

नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन: वेतन को लेकर भड़का गुस्सा

Noida News: नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। पिछले तीन से चार दिनों से चल रहा यह आंदोलन सोमवार को हिंसक हो गया, जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने नोएडा के कई प्रमुख मार्गों को जाम कर दिया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित कर दी। नोएडा के फेज-2 इलाके में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर हो गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने कुछ वाहनों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कुलेसरा से लेकर फेज-2 तक कर्मचारियों ने मार्च निकालते हुए सड़कें जाम कर दीं और कई जगह वाहनों के सामने लेटकर विरोध जताया।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में सैलरी को 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, ओवरटाइम का उचित भुगतान और अलग छुट्टी नीति लागू करना शामिल है। सेक्टर-60 में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी की और जमकर हंगामा किया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल लगातार तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करता रहा। इस प्रदर्शन का सीधा असर नोएडा के यातायात पर पड़ा है। कई मुख्य सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिससे ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग घंटों तक फंसे रहे और अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच सके।

वहीं, इसी तरह का प्रदर्शन फरीदाबाद और पलवल में भी देखने को मिला। फरीदाबाद के सेक्टर-37 सराय ख्वाजा इलाके में एक निजी कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारी कंपनी के बाहर सड़क पर उतर आए और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पलवल में पृथला क्षेत्र के पास साई ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने आगरा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार बढ़ते इन प्रदर्शनों ने औद्योगिक क्षेत्रों में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )