
Aligarh News:पत्रकार अजीत कुमार चौहान के निधन से मीडिया जगत स्तब्ध
Aligarh News : अलीगढ़ जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पंजाब केसरी के जिला प्रभारी और वरिष्ठ पत्रकार अजीत कुमार चौहान का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार चौहान लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और अपनी निष्पक्ष, सधी हुई एवं प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते थे। उनके अचानक निधन से उनके सहयोगियों, मित्रों और शुभचिंतकों को गहरा आघात पहुंचा है।वे अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि उनके पिता स्वर्गीय राजपाल सिंह चौहान भी वरिष्ठ पत्रकार थे और ‘लोकतंत्र सेनानी’ के रूप में सम्मानित रहे हैं। इस परिवार का पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव रहा है, ऐसे में अजीत कुमार चौहान का निधन एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।घटना मानिक चौकी पुलिया क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शांति की प्रार्थना की।
