
महराजगंज : सोनौली बॉर्डर पर करेंसी एक्सचेंज का बड़ा खेल, भैरहवा कपिलवस्तु में भारतीय नकदी के साथ युवक गिरफ्तार
Maharajganj News:सोनौली बॉर्डर महराजगंज। कपिलवस्तु में जिला प्रहरी कार्यालय की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में भारतीय नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद रकम के स्रोत का खुलासा न होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल अवैध नकदी रखने तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि नेपाल–भारत सीमा पर चल रहे बड़े स्तर के करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बॉर्डर पर भारतीय रुपये को नेपाली मुद्रा में बदलने का एक संगठित खेल वर्षों से जारी है, जिसमें 4 से 5 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता है।
इस नेटवर्क का सबसे सक्रिय केंद्र सोनौली बॉर्डर क्षेत्र बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोनौली बस स्टैंड के पास, निरंजना होटल के आसपास और टैंपू स्टैंड इलाके में कई ऐसे दलाल सक्रिय हैं, जो खुलेआम भारतीय और नेपाली मुद्रा का एक्सचेंज करवाते हैं।
बताया जाता है कि ये दलाल यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सीधे संपर्क कर मुद्रा बदलवाते हैं और हर लेनदेन पर तय प्रतिशत वसूलते हैं। यह पूरा खेल इतना संगठित और बड़ा हो चुका है कि रोजाना लाखों रुपये का लेनदेन होने की चर्चा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कपिलवस्तु में बड़ी मात्रा में भारतीय नकदी की बरामदगी इसी नेटवर्क की एक कड़ी हो सकती है। हाल के दिनों में इस तरह की गिरफ्तारियों में बढ़ोतरी भी इस ओर इशारा करती है कि सीमा पर “दो नंबर” का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर गतिविधियां होने के बावजूद प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि खुलेआम चल रहे इस अवैध कारोबार पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आने वाले समय में इस मामले में बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
