
Amritsar News: अमृतसर में ताबड़तोड़ फायरिंग, AAP महिला सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या !
Amritsar News: पंजाब के अमृतसर जिले में सोमवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से चीते कलां गांव दहल उठा। आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी महिला सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका दोस्त रंजीत सिंह भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गुरुद्वारे से लौटते वक्त घेरकर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ गुरुद्वारे में माथा टेककर घर लौट रहा था। दोनों अभी गुरुद्वारे के पास ही थे कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कम से कम 8 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक सड़क पर घायल पड़े थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तीरथ सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रंजीत सिंह का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
ड्रग्स को लेकर हुआ था विवाद, परिवार ने जताया शक
इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिवार का आरोप है कि तीरथ सिंह ने करीब दो दिन पहले कुछ लोगों को ड्रग्स लेने से रोका था। इसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस हुई थी। परिवार को शक है कि इसी विवाद के चलते तीरथ सिंह को निशाना बनाया गया।
सरपंच का बेटा था तीरथ, भाई भी AAP से जुड़ा
तीरथ सिंह की मां चीते कलां गांव की सरपंच हैं और आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। तीरथ का भाई कराज सिंह भी AAP का नेता बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गुरदित सिंह की कराज सिंह के साथ भी दुश्मनी थी। ऐसे में पुलिस इस रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
तीन लोगों के खिलाफ FIR, अब तक गिरफ्तारी नहीं
पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। FIR में गुरदित सिंह के अलावा हरकीरत सिंह उर्फ हाकी और गोरा को भी आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी उसी गांव के रहने वाले हैं। अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस हमले की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक युवक को गुरुद्वारे से लौटते वक्त गोलियों का निशाना क्यों बनाया गया? पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस सनसनीखेज वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
