पंजाब में बड़ा हादसा : फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

पंजाब में बड़ा हादसा : फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

Punjab News : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हड़कंप मच गया है। यह भीषण हादसा फतेहगढ़ साहिब के भटेड़ी गांव के पास हुआ, जब श्री आनंदपुर साहिब से लौट रही श्रद्धालुओं की बस अचानक पलट गई।

इस दुर्घटना में अभी तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर तुरंत ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बस्सी पठाना तहसील के गांव मैण माजरी की संगत बैसाखी के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब गई थी, जिसमें गांव डडयाना, माजरा और शेरगढ़ बाड़ा के श्रद्धालु भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब की पालकी वाली बस में सवार होकर देर रात वापस लौट रहे थे। घटना स्थल से लगभग 3 किलोमीटर पहले गांव भटेड़ी के पास ही बस हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सड़क सुरक्षा बल और पुलिस की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, रोपड़ जिले के मोरिंडा सिविल अस्पताल में 15 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल में 9 घायलों को लाया गया है। गंभीर घायलों में से दो को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं, बस्सी पठाना अस्पताल में भी कुछ घायलों का इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल, डीएसपी बस्सी पठाना राजकुमार शर्मा और विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने रात में ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाया, जिससे यातायात सुचारू हो सका।

इस दुखद घटना पर शिरोमणि अकाली दल की सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )