
कानपुर में सनसनीखेज कांड: पत्नी पर शक के चलते दो मासूमों की हत्या
Kanpur Murder Case: कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही जुड़वां बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामले में जैसे-जैसे जानकारी सामने आ रही है, कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।
देर रात वारदात को दिया अंजाम
पत्नी रेशमा के अनुसार, घटना रात करीब 2:30 बजे की है। उन्होंने बताया कि उस रात आरोपी सामान्य तरीके से खाना खाकर सोया था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए वह बेटियों पर नजर रख रही थीं। करीब 2 बजे आरोपी ने कमरे की एक लाइट बंद की और एक बेटी को वॉशरूम की ओर ले गया, फिर वापस कमरे में ले आया। कुछ देर बाद अचानक बच्चियों की तेज आवाज सुनाई दी। जब रेशमा कमरे की तरफ गईं, तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्हें उस समय अंदाजा नहीं था कि अंदर इतनी बड़ी घटना घट चुकी है। सुबह जब पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों के शव बरामद किए गए, तब इस भयावह हत्याकांड का खुलासा हुआ।
खुद आरोपी ने दी पुलिस को सूचना
पत्नी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। यह बात मामले को और भी चौंकाने वाली बनाती है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए थे और वह अपनी पत्नी पर शक करता था। वह अक्सर कहता था कि पत्नी बेटे को लेकर घर छोड़ दे, जबकि वह बेटियों को अपने साथ रखेगा।
पहले से था पारिवारिक विवाद
रेशमा के मुताबिक उनकी शादी साल 2014 में लव मैरिज के जरिए हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा। स्थिति इतनी खराब हो गई कि वह करीब 9 महीने तक अपने मायके में रहीं। वापस आने के बाद भी हालात नहीं सुधरे।पत्नी का आरोप है कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में रहता था और उनके साथ मारपीट करता था। वह उन्हें मायके जाने से भी रोकता था और जाने की कोशिश करने पर हिंसा करता था।
